
यूपी चुनाव 2027 से पहले राज्य की राजनीति में बड़ा धमाका होने वाला है. यूपी के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव 12 दिसंबर 2026 को श्रीरामलला का दर्शन करेंगे. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को परिवार के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे. हनुमानगढ़ी में भी माथा टेकेंगे. सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने छोटी दीपावली के अवसर पर इस तारीख का ऐलान किया है. यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से ठीक पहले अखिलेश का यह दौरा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सपा की राजनीतिक छवि और अयोध्या के साथ उसके रिश्ते के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
यूपी चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आखिरकार रामलला के दर्शन का कार्यक्रम तय कर लिया है. वह 12 दिसंबर, शनिवार को अयोध्या पहुंचेंगे. इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद रहेंगे. अखिलेश हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन करेंगे और राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के सामने शीश झुकाएंगे. इस कार्यक्रम का ऐलान सपा नेता तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने किया है. पिछले दिनों अयोध्या दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने पवन पांडेय को ही रामलला के दर्शन के लिए तारीख तय करने की जिम्मेदारी दी थी. अब छोटी दीपावली के मौके पर पवन पांडेय ने 12 दिसंबर की तारीख घोषित कर दी है.