
दिवाली सीजन में बाजार कई दिनों से सजे हुए हैं. मार्केट्स ग्राहकों से भरे हैं. 50 रुपये की झाड़ू से लेकर ₹50 लाख की ब्रैंड न्यू लग्जरी कार तक धड़ाधड़ बिक रही है. इस दिवाली भारतीय दिल खोलकर पैसा खर्च कर रहे हैं. व्यापारियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) का अनुमान है कि इस फेस्टिव सीजन में भारतीय करीब ₹5 लाख करोड़ रुपये शॉपिंग पर खर्च करेंगे. देश की राजधानी दिल्ली के दिल्ली के व्यापारियों को दीपावली की खरीदारी से 80,000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. दिल्ली में 1 अक्टूबर से 1 नवंबर तक का समय रैलियों और धरना-प्रदर्शनों का रहा था, जिसके कारण दिल्ली के व्यापार को लगभग 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. दिल्ली के व्यापारियों को दीपावली की बंपर खरीदारी की उम्मीद है, जिससे वे पिछले दिनों हुए नुकसान से उबर सकें.
सीटीआई अध्यक्ष बृजेश गोयल ने कहा कि एक अनुमान के अनुसार, दीपावली उत्सव के कारोबार में देशभर में 5 लाख करोड़ रुपए का कारोबार दर्ज करने की उम्मीद है. सीटीआई ने होटल एवं बैंक्वेट एसोसिएशन्स, रेस्टोरेंट एवं मॉल एसोसिएशन्स, सिनेमा एसोसिएशन्स, शॉपिंग सेंटर एसोसिएशन, कार डीलर्स एसोसिएशन्स, मेकअप एवं सैलून एसोसिएशन्स, टूर एवं ट्रेवल एसोसिएशन, मार्केट एसोसिएशन्स, इंडस्ट्री एसोसिएशन्स आदि से बात करके यह निष्कर्ष निकाला है.